केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग ने सेंचुरी क्षेत्र में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
प्रभावित लोगों ने विभाग पर उत्पीड़न का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग ने गौंडार-मद्महेश्वर पैदल मार्ग के सेंचुरी क्षेत्र में आठ अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कराए। साथ ही चार अन्य अतिक्रमण चिह्नित किए गए। प्रभागीय स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। वहीं प्रभावित लोगों ने विभाग पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। कहा कि वह अपनी आजीविका चलाने के लिए दुकानों का संचालन कर रहे थे जिन्हें विभाग ने हटा दिया है।
बीते 21 मई से शुरू हुई द्वितीय केदार मद्महेश्वर की यात्रा के लिए इन दिनों गौंडार से मद्महेश्वर के बीच हक-हकूकधारियों की ओर से बणतोली, खटरा, नानू, मैखंभा, कुन्नू में आजीविका चलाने के लिए छोटी-छोटी दुकानों का संचालन किया जा रहा है। इधर केदारनाथ जीव प्रभाग ने सेंचुरी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को प्रभागीय टीम ने बणतोली से मद्महेश्वर के बीच आठ अवैध अतिक्रमण ध्वस्त किए और चार अन्य अतिक्रमण चिह्नित भी किए गए। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के एसडीओ मोहन सिंह ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। इधर नाम न छापने की शर्त पर प्रभावितों ने कहा कि वह दशकों से इस क्षेत्र में यात्राकाल में अपनी आजीविका चलाने के लिए दुकानों का संचालन करते आ रहे हैं। इस वर्ष यात्रा में अच्छी संख्या में यात्री आ रहे थे और दुकानें अच्छी चल रही थी लेकिन वन विभाग ने उनकी दुकानों को हटा दिया। इधर, केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के डीएफओ एस तरुण ने बताया कि प्रभागीय स्तर पर किसी की आजीविका को प्रभावित नहीं किया जा रहा है। सेंचुरी क्षेत्र में अवैध तरीके से कच्चे निर्माण को ध्वस्त किया गया है।