डीएम मंगेश घिल्डियाल अधिकारियों के साथ लगभग ढाई फीट बर्फ में चोपता से तुंगनाथ जाते हुए।
- फोटो : RUDRAPRYAG
विभागीय अधिकारियों के साथ तुंगनाथ और चोपता के निरीक्षण पर पहुंचे डीएम ने राजस्व व वन विभाग को क्षेत्र में भूमि सीमांकन के निर्देश दिए। इस दौरान चोपता में तैनात सफाई कर्मचारियों ने डीएम से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर, डीएम ने जिपं के अपर मुख्य अधिकारी (एमओ) व जेई पर नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई कर्मचारियों का वेतन आहरित होने तक दोनों अधिकारियों के भी वेतन रोकने के निर्देश दिए। कहा कि विषम परिस्थितियों में सफाई कर्मचारी नियमित कार्य कर रहे हैं। बावजूद उन्हें नियमित वेतन नहीं देना, खेदजनक है
तुंगनाथ, चोपता, दुगलबिट्टा और बनियाकुंड में तीर्थाटन व पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वहां मूलभूत सुविधाओं के लिए खाका तैयार किया जा रहा है। इसी के तहत डीएम मंगेश घिल्डियाल अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों के वेतन न मिलने की शिकायत पर डीएम ने एमओ व जेई का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बताया कि ऊर्जा निगम के रुद्रप्रयाग व गोपेश्वर डिवीजन द्वारा उषाड़ा से दुगलबिट्टा व पोथीबासा से चोपता तक विद्युत लाइन बिछाने के लिए सर्वेक्षण कार्य पूरा किया जा चुका है। जल्द ही जलसंस्थान द्वारा तृतीय केदार तुंगनाथ तक नियमित पेयजल सप्लाई के लिए सर्वेक्षण किया जाएगा, जिसके बाद योजना निर्माण को लेकर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि राजस्व व वन विभाग की क्षेत्र में भूमि की नाप करते हुए सीमांकन के लिए कहा गया है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, ऊर्जा निगम के ईई मोहित डबराल, जलनिगम के ईई नवल किशोर, जलसंस्थान के ईई संजय सिंह आदि मौजूद थे।
चोपता-तुंगनाथ के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को जानकारी देते हुए रुद्रप्रयाग डीएम।- फोटो : RUDRAPRYAG