जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बुधवार को मुख्य बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आड़े तिरछे खड़े वाहनों से लग रहे जाम और दुकानदारों द्वारा सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण कर रखे गए सामान पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका व पुलिस को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चिहिृृत कर चालान करने की बात भी कही।
जिलाधिकारी ने सुबह-सुबह बेलणी पुल से लेकर केदारनाथ तिराहे होते हुए मुख्य बाजार से नया बस अड्डा तक स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान उन्हें पूरे बाजार क्षेत्र में जगह-जगह पर छोटे व बड़े वाहन आड़े-तिरछे खड़े दिखे, जिससे जाम की स्थिति पैदा होती है। बेलणी पुल, केदारनाथ तिराहा और नया बस अड्डा मार्ग पर सबसे बुरी हालत बनी हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने एसपी व एआरटीओ को यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। कहा कि बार-बार लग रहे जाम से राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस दौरान डीएम ने बाजार में सड़क के दोनों तरफ दुकानदारों द्वारा अपने प्रतिष्ठानों के आगे अवैध अतिक्रमण कर सामान रखने पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसे दुकानदारों को चिहिृृत कर उनका चालान करें। साथ ही एक सप्ताह में मामले में कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।