केदारनाथ यात्रा तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के लिए जिलाधिकारी मनुज गोयल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। कहा कि यात्रा तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा के सफल संचालन के लिए नोडल व सहायक नोडल अधिकारी तैनात किए जा चुके हैं। यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी संख्या में पहुंचने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए समुचित व्यवस्थाएं समयबद्ध पूरी करना जरूरी है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो, इसका संबंधित विभाग अभी से पूरा ध्यान रख लें। एआरटीओ को रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग सहित अन्य संपर्क मोटर मार्गों पर बेहतर यातायात के साथ ही पार्किंग व्यवस्था के लिए जिला पंचायत के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, सीडीओ नरेश कुमार, एडीएम दीपेंद्र नेगी, सीएमओ डा. बीके शुक्ला, डीडीओ मनविंदर कौर, एसीईओ योगेंद्र सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौडिय़ाल, जीतेंद्र वर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल आदि मौजूद थे।
मशीन से काटी जा रही पुनर्निर्माण स्थलों में जमी बर्फ
केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यस्थलों पर जमा बर्फ को साफ करने का काम जोरों पर किया जा रहा है। डीडीएमए द्वारा मशीनों से बर्फ काटकर डंपरों से अन्यत्र स्थानों पर डंप की जा रही है। डीडीएमए के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि केदारपुरी में दो से तीन फीट तक बर्फ अब भी मौजूद है। मंदिर मार्ग पर जमा बर्फ को काटकर मंदिर तक पहुंच के लिए चार फीट रास्ता बना दिया गया है। वहीं, एमआई-26 हेलीपैड पर जमा बर्फ को आधा से अधिक साफ कर दिया गया है। संवाद
यात्रा रूट पर आठ स्थानों पर हैं हिमखंड
आगामी तीन मई से शुरू होने वाली बाबा केदार की यात्रा शुरूआती दिनों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच एडवेंच से भी परिपूर्ण होगी। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर नौ किमी क्षेत्र बर्फ है, जिसमें आठ स्थानों पर हिमखंड पसरे हुए हैं। डीडीएमए-लोनिवि के 154 मजदूरों ने रामबाड़ा से केदारनाथ तक बर्फ साफ कर दी है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि तेज धूप में हिमखंड चटक रहे हैं, जिससे बर्फ तेजी से नीचे की तरफ आ रही है। इसलिए, हिमखंड के ऊपरी क्षेत्रों में भी बर्फ को काटकर समतल किया जा रहा है, जिससे ऊपरी तरफ से गिरने वाली बर्फ रास्ते तक न पहुंच सके। संवाद