डडोली-डोभा मोटर मार्ग निर्माण को पूरा करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लोनिवि, प्रांतीय खंड कार्
- फोटो : RUDRAPRYAG
डडोली-डोभा मोटर मार्ग निर्माण को पूरा करने की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता व जनप्रतिनिधियों ने प्रांतीय खंड लोनिवि का घेराव किया। इस दौरान पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी व पूर्व जिपं अध्यक्ष लक्ष्मी राणा ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
शनिवार को बसुकेदार उप तहसील के डोभा, चौंरा, कलोनी सहित अन्य गांवों के ग्रामीण व जनप्रतिनिधि अधर में लटके मोटर मार्ग को पूरा करने की मांग को लेकर रुद्रप्रयाग पहुंचे। उन्होंने लोनिवि पर ग्रामीणों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि तीन वर्ष पूर्व सड़क का निर्माण शुरू किया गया था। लेकिन अभी तक सिर्फ दो किमी ही काम हो पाया है। विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराने पर भी स्थिति जस की तस बनी है, जिसका खामियाजा क्षेत्रीय जनता भुगत रही है। लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि भूमि विवाद के कारण सड़क का मामला न्यायालय में लंबित हैं। कोर्ट के निर्देश के बाद भी निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में क्षेपं सदस्य आनंद रौथाण, विनोद नेगी, यशपाल रावत, मनोज नेगी, प्रकाश रावत, अंकुर रौथाण, मोहित डिमरी, आलोक नेगी, कविंद्र सिंधवाल, हर्ष प्रीतम सिंह नेगी सहित कई शामिल थे।