रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता अनीश पिल्लई से भेंट की। उन्होंने लंबित वेतनमान का भुगतान करने और मानदेय में बढ़ोतरी की मांग की।
संगठन के प्रांतीय महामंत्री मंगलेश लखेड़ा ने कहा कि संविदा श्रमिक आज के समय में भी 2 से 8 हजार रुपये मानदेय पर काम कर रहे हैं जो न्यूनतम से भी कम है। संविदा श्रमिक जलसंस्थान की रीढ़ हैं बावजूद उनके हितों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता अनीश पिल्लई ने कहा कि संविदा कार्मिकों की समस्या के निस्तारण के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। श्रमिकों के मानदेय में 1500 से 2000 रुपये तक की वृद्धि तत्काल की जाएगी। इस मौके पर शाखा गिरीश नेगी, सचिव रमेश पंवार, उपाध्यक्ष संजय भंडारी, कोषाध्यक्ष संतोष भट्ट, महेश पुरी और महिपाल सिंह नेगी आदि मौजूद थे। संवाद