रुद्रपुर। तराई में मंगलवार को 14 घंटे से अधिक समय तक लगातार रिमझिम बारिश से जगह-जगह जलभराव की समस्या रही। मौसम वैज्ञानिकों ने जिले में अगले पांच दिनों तक लगातार हल्की और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 11 और 12 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है।
मंगलवार को रुद्रपुर में सुबह करीब चार बजे बूंदाबांदी के बाद हल्की बारिश शुरू हुई। शाम छह बजे के बाद भी रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा। दोपहर के समय कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई। बारिश से रुद्रपुर के अग्रसेन चौक, रुद्रपुर गल्ला मंडी रोड, ट्रांजिट कैंप और काशीपुर बाईपास पर जलभराव की समस्या रही।
सुबह के समय में रुद्रपुर के डीडी चौक, इंदिरा चौक और मुख्य बाजार क्षेत्र में लोग बारिश से बचने के लिए छाता के साथ गुजरते नजर आए। बाजार क्षेत्र में नगर निगम की ओर से जारी नाली निर्माण के कारण कीचड़ की भी समस्या रही। दिनभर लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि जिले में शाम तक करीब 25 एमएम बारिश हो चुकी थी। यह बारिश धान की फसल के लिए फायदेमंद है।
जिला प्रशासन ने बीएसएनएल से की सैटेलाइट फोन की मांग
रुद्रपुर। मानसून सीजन में जिले में बाढ़ और आपदा जैसे हालात की स्थिति पर काबू रखने के लिए डीएम और एसएसपी ने बीएसएनएल से डिजिटल सैटेलाइट फोन की मांग की है।
मानसून सीजन शुरू होने के बाद ही जिले की कोसी, गौला, लेवड़ा, बौर और नानकसागर जैसी नदियां उफान पर आ जाती हैं। इनके कारण आसपास वाले इलाके बाढ़ जैसी स्थिति जूझते हैं। डीएम डॉ. नीरज खैरवाल और एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने भविष्य में बाढ़ और आपदा जैसी स्थिति को ध्यान में रखकर पहले से ही बीएसएनएल से डीएसपीटी की मांग की है।
बीएसएनएल के उपमंडल अभियंता अरुण छाबड़ा ने बताया कि डीएसपीटी लेने से पहले एक फार्म भरा जाता है। दोनों अधिकारियों को फार्म मुहैया कराए गए हैं। बताया कि एक सैटेलाइट फोन की कीमत सवा लाख रुपये तक की होती है। गाजियाबाद स्थित बीएसएनएल की विंग की ओर से सैटेलाइट फोन मंगवाया जाता है। बताया कि सैटेलाइट फोन उस स्थिति में काम आता है, जब आपदा प्रभावित क्षेत्र में नेटवर्क काम नहीं करता।