रुद्रपुर। परिसीमन के बाद नगर निगम में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी सड़कें खस्ताहाल हैं। इस समस्या को गंभीरता लेते हुए वार्ड वासियों की मांग पर नगर निगम ने इन सड़कों के जल्द टेंडर निकालकर कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली है।
अमर उजाला ने ‘आती बारिश रोती सड़कें’ अभियान के तहत दो से छह जुलाई तक रुद्रपुर नगर निगम में शामिल हुए नए वार्डों में विकास कार्यों की पड़ताल की थी। इस दौरान नगर निगम में शामिल हुए अधिकांश नए क्षेत्रों में सड़कें खस्ताहाल मिलीं। कुछ वार्डों में स्ट्रीट लाइट व सफाई की भी समस्याएं नजर आईं। वार्ड वासियों की इन समस्याओं को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
इसका संज्ञान लेते हुए रुद्रपुर नगर निगम के मेयर रामपाल सिंह ने नगर निगम में शामिल होकर शहरी क्षेत्र का हिस्सा बन चुके 11 गांवों में विकास कार्य तेज करने का निर्णय लिया है। मेयर ने नगर निगम के वार्डों में शामिल हो चुके इन क्षेत्रों की सड़कों के शीघ्र टेंडर करने का आश्वासन दिया है।
मेयर ने कहा कि परिसीमन के बाद नगर निगम का दायरा बढ़ चुका है, जिस कारण विकास कार्य में थोड़ा समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में शामिल हो चुके नए क्षेत्रों में जल्द ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों की कच्ची और खस्ताहाल सड़कों का सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद सड़कों का टेंडर निकालकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।