रुद्रपुर। एक साल पहले घर से चोरी हुए दो मोबाइल पुलिस ने सर्विलांस की मदद से बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जून 2018 में भूतबंगला निवासी रामबाबू के घर से दो मोबाइल चोरी हो गए थे।
पुलिस ने रामबाबू की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की थी लेकिन तब मोबाइल बंद होने की वजह से लोकेशन नहीं मिल सकी थी। एसएसआई कमलेश भट्ट ने बताया कि रविवार सुबह चोरी हुए दोनों मोबाइल की सर्विलांस के जरिए लोकेशन किच्छा रोड स्थित दूधिया मंदिर के पास मिली।
इसके बाद जांच अधिकारी/एसआई बीएस बिष्ट की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर दो युवकों को पकड़ते हुए उनके कब्जे से चोरी हुए मोबाइल बरामद कर लिए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुखलाल निवासी कृष्णा कॉलोनी (ट्रांजिट कैंप) और रवि सरकार निवासी खेड़ा कॉलोनी वार्ड-19 बताया। एसएसआई ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।