रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लाक के सुमाड़ी में पति-पत्नी की मौत के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि बीते चार जनवरी को सुमाड़ी निवासी मुकेश पंवार घर से लापता हो गया था और शव एक माह बाद मिला था। पति के लापता होने के बाद आठ जनवरी को पत्नी ममता देवी ने घर में आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में परिजनों ने 23 फरवरी को नामजद तहरीर दी थी। साथ ही मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। मामले में पुलिस ने आईपीसी की धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। अभी तक जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बीते सोमवार को नामजद आरोपी ताजबीर सिंह रावत निवासी ग्राम गंगाभोगपुर तल्ला, थाना लक्ष्मण झूला, पौड़ी गढ़वाल को गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है।