रुद्रप्रयाग। आंध्र प्रदेश के 26 यात्रियों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने टूर ट्रेवल्स एजेंसी के एक एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर दिया है। आरोपी, यात्रियों से सवा दो लाख रुपये लेकर फरार चल रहा है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ है।
मंगलवार को गुप्तकाशी थाना में दिए शिकायती पत्र में आंध्र प्रदेश के 26 यात्रियों का कहना था कि उन्होंने जग्गा टूर ट्रेवल्स हरिद्वार से दो धामों की हेली यात्रा की बुकिंग के लिए 97000 रुपये का भुगतान किया था। वे एजेंसी के माध्यम से 16 जून को गुप्तकाशी पहुंचे थे। इसके बाद ट्रेवल एजेंसी ने उन्हें हेली टिकट उपलब्ध कराने बात कहते हुए सरदार कर्मजीत सिंह नाम के व्यक्ति का फोन नंबर दिया। उन्होंने फोन नंबर पर संपर्क किया तो कर्मजीत सिंह ने 26 हेली टिकट और 2 यात्रियों को स्पेशल दर्शन के कुल 2 लाख 24 हजार 200 रुपये लिए और कहा कि आर्यन हेलीपैड गुप्तकाशी में सभी को टिकट उपलब्ध करा देगा। 17 जून को जब वे उसके बताए हुए हेलीपैड पर पहुंचे तो वह नहीं मिला। अब उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। थाना प्रभारी आरएस रौतेला ने बताया कि यात्रियों की शिकायत के आधार पर आरोपी कर्मजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। ब्यूरो