तीर्थ पुरोहित महापंचायत ने राज्य स्तर से मामले में हस्तक्षेप करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बदरीनाथ। ब्रह्मकपाल में ऑनलाइन पूजा के नाम पर ठगी की जा रही है। ब्रह्मकपाल तीर्थ पुरोहित महापंचायत ने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने मामले को अति संवेदनशील बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस महानिदेशक को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ समय से असामाजिक तत्वों व साइबर ठगों की ओर से बदरीनाथ के ब्रह्मकपाल में पिंडदान व तर्पण के नाम पर ऑनलाइन पैसे मांगे जा रहे हैं। यह लोग न सिर्फ देश-विदेश के भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं बल्कि सनातन परंपराओं की पर्यादा को भी खंडित कर रहे हैं। ब्रह्मकपाल तीर्थ पुरोहित महापंचायत समिति के केंद्रीय अध्यक्ष उमेश सती व संजय हटवाल ने बताया कि इस मामले में बदरीनाथ थाने में शिकायत दी गई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। साइबर अपराधों के बढ़ते जाल को देखते हुए राज्य स्तर पर पुलिस को हस्तक्षेप करते हुए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। कहा कि यहां ऑनलाइन पिंडदान व तर्पण का कोई प्रावधान नहीं है। उसके बावजूद आस्था के नाम पर लोगों को ऑनलाइन ठगने के लिए ऐसे गिरोह सक्रीय हो रखे हैं। इनपर अंकुश लगाया जाना जरूरी है।