केदारनाथ की विधायक व संसदीय सचिव शैलारानी रावत ने ग्राम पंचायत गिंवाला, सौड़ी और चमेली में अधिकारियों के साथ चौपाल लगाकर जनसमस्याएं सुनीं।
विधायक ने प्राथमिकता के तौर समस्याओं पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को आमजन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए।
ग्राम पंचायत गिंवाला में ग्राम प्रधान सुषमा देवी की अध्यक्षता में हुई चौपाल में ग्रामीणों ने मनरेगा का भुगतान समय पर नहीं होने, पेयजल समस्या, क्षतिग्रस्त नगर की मरम्मत और अंधेरगढ़ी-तलसारी मोटर मार्ग का सुधार व डामरीकरण की मांग की।
विधायक ने कहा कि वे सरकार की ओर से जनहित में चलाई जा रही योजनाओं के लाभ को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। सहायक समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्धन भट्ट, सहायक उद्यान अधिकारी डीएस नेगी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अनिल पंत, शिव प्रसाद थपलियाल ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी।
सौड़ी और चमेली में भी ग्रामीणों ने मनरेगा में भुगतान नहीं होने पर विधायक के समाने रोष जताया। बीडीओ डीएस माहरा ने बताया कि मनरेगा के लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है। इस मौके पर कुंवर सिंह भंडारी, कर्ण सिंह रावत आदि मौजूद थे।