रुद्रपुर के निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते विधायक ठ?
- फोटो : RUDRAPUR
विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत 30 जुलाई को रुद्रपुर आ रहे हैं। वे निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में स्थापित किए गए 300 बेड के कोविड-19 सेंटर का लोकार्पण करने के साथ ही राज्य योजना के तहत मंजूर रुद्रपुर के नौ आंतरिक मार्गों का शिलान्यास कर जनता को समर्पित करेंगे।
यहां जारी बयान में विधायक ठुकराल ने कहा कि मुख्यमंत्री रुद्रपुर को बड़ी सौगातें देंगे। इनमें यातायात नगर (ट्रांसपोर्ट) की स्थापना एवं अनाज मंडी को रामपुर रोड में शिफ्ट करने, अधूरे पड़े ट्रांजिट कैंप मार्ग, महतोष मोड़ से यूपी की सीमा पर ग्राम नवाबगंज स्थित शहीद बलजीत सिंह की प्रतिमा तक के मार्ग का चौड़ीकरण एवं नजूल भूमि पर मालिकाना हक सहित अन्य व्यापक जनहित की योजनाएं शामिल हैं।
कहा कि पिछले दिनों डीएम डॉ. नीरज खैरवाल एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत कर उन्होंने एएनझा इंटर कॉलेज के पास खाली पड़ी 55 एकड़ भूमि को चिन्हित कर प्रस्ताव बनाकर शासन को भिजवाया था और इस पर स्वीकृति हो चुकी है। इसी जमीन पर अनाज मंडी शिफ्ट होने के साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर बनाया जाएगा।
ठुकराल ने बताया कि मुख्यमंत्री जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इधर, विधायक ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, कोविड सेंटर व तीन सौ बेड के निर्माणाधीन चिकित्सालय का निरीक्षण किया। मेडिकल कॉलेज में फिलहाल कोविड केयर सेंटर की सुविधा दी जा रही है। वहां पीडब्लूडी के इंजीनियर मनोज दास, सहायक इंजीनियर विनोद कुमार, कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक आरएन पांडे, आरके अग्रवाल, आनंद शर्मा, विशाल मेहरा, अमित रस्तोगी मौजूद रहे।