भरसार के कुलपति ने किया परिसर का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
जखोली। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के कुलपति डॉ. बीपी. भट्ट ने बुधवार को चिरबिटिया स्थित पर्वतीय कृषि महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य अगले शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालय परिसर में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करना है। इसके लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास और भवन निर्माण कार्य प्राथमिकता पर किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने बताया कि महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए विशेष मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके तहत शैक्षणिक, प्रशासनिक और आवासीय भवनों के निर्माण के साथ अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने परिसर का सर्वे कर प्रस्तावित भवनों की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने कहा कि परिसर में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। चिरबिटिया पर्वतीय कृषि महाविद्यालय की स्थापना 24 सितंबर 2013 को पर्वतीय क्षेत्रों की कृषि आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर की गई थी। शुरुआती वर्षों में यहां उद्यानिकी के डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित हुए लेकिन संसाधनों की कमी के कारण मुख्य डिग्री पाठ्यक्रम रानीचौरी परिसर से संचालित किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय अब इन पाठ्यक्रमों को चिरबिटिया स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहा है।