माध्यमिक विद्यालयी राज्यस्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन
विधायक ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
अगस्त्यमुनि। माध्यमिक विद्यालयी राज्यस्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच चमोली जनपद की टीम ने रुद्रप्रयाग की को हराकर अपने नाम किया। स्थानीय स्कूली छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
खेल मैदान में राज्यस्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक भरत सिंह चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि खेल ऐसा आयोजन है जहां कोई हारता नहीं है। बल्कि कुछ न कुछ नया सीखता है। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी एवं रमेश चमोला ने कहा कि खेलों में प्रतिभाग से शारीरिक और मानसिक विकास होता है।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडरा-17 और अंडरा-19 आयु वर्ग में कुल 11 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रत्येक आयु वर्ग में चार ग्रुप बनाए गए हैं, जिनके लीग आधार पर मैच होंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच अंडर-17 में मेजबान रुद्रप्रयाग और चमोली के बीच खेला गया। इस कड़े मुकाबले में चमोली ने रुदप्रयाग की टीम को 34-33 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
कार्यक्रम में चिल्ड्रन एकेडमी, जीजीआईसी और अगस्त्य पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य सुमन नेगी, प्रधानाचार्य हरेंद्र सिंह नेगी, रिन्यू जल विद्युत परियोजना के हेड मकरंद जोशी, सच्चिदानंद सेमवाल, गंगाराम सकलानी, नागेन्द्र कंडारी, कुंवर सिंह राय, बबीता रावत, प्रधानाचार्य मित्रानंद मैठाणी मौजूद थे।
रुद्रप्रयाग जनपद की टीम के पास नहीं था किट
राज्यस्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता अव्यवस्थाओं के बीच शुरू हुई। प्रतियोगिता में रुद्रप्रयाग की टीम के पास कोई स्पोर्ट्स किट नहीं था। मैचिंग ड्रेस और जूते नहीं होने के कारण पहले ही खिलाड़ियों का मनोबल गिर गया था जिसका असर उनके खेल पर भी दिखा और वह अपना पहले ही मैच हार गई। यह मामला तब सामने आया जब विधायक भरत सिंह चौधरी खिलाड़ियों का परिचय ले रहे थे। इस पर विधायक ने खेल विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।