सीडीओ ने किया चिरबटिया जीएनवीएन का निरीक्षण
रुद्रप्रयाग। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) भरत चंद्र भट्ट ने चिरबटिया में गढ़वाल मंडल विकास निगम के भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निगम को जल्द भवन का संचालन कर पर्यटन से जुड़ी गतिविधियां शुरू करने को कहा। इस दौरान उन्होंने एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना के तहत गठित नगेला देवता आजीविका सहकारी अमकोटी का जायजा भी लिया। साथ ही सहकारिता समूह के सदस्यों से बातचीत कर उनके अनुभव जानें।
सीडीओ ने जखोली ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण करते हुए मनरेगा कार्यों को देखा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता को लेकर निर्देश दिए। इसके बाद वे लुठियाग गांव पहुंचे और ग्रामीणों के जल संरक्षण को लेकर किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। इसके अलावा उन्होंने जल निगम व जलसंस्थान को जल जीवन मिशन के तहत चिरबटिया समेत अन्य गांवों के प्रत्येक घर को दिसंबर तक पेयजल संयोजन उपलब्ध कराने को कहा। इसके बाद सीडीओ ने सहकारिता के क्षेत्र में निर्मित लघु संग्रहण केंद्र को भी देखा। जहां पर समूह के सदस्यों ने बताया कि उनके द्वारा स्थानीय उत्पादों को एकत्रित कर सहकारिता के माध्यम से बिक्री की जा रही है। संवाद