रुद्रप्रयाग में बदरीनाथ हाईवे के चौड़ीकरण के मशीन से तोड़ा गया भवन।
- फोटो : RUDRAPRYAG
ऑलवेदर रोड परियोजना में चौड़ीकरण के तहत में शुक्रवार को पांच मकानों व दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे भड़के प्रभावितों व अन्य व्यापारियों ने विरोध करते हुए कार्यदायी संस्था व एनएच पर मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि बगैर नोटिस दिए व पूर्व में मकान व घरों पर लगाए गए निशान से अधिक हिस्सों पर बुलडोजर चलाया गया।
ऑलवेदर रोड परियोजना में निर्माणाधीन ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के रुद्रप्रयाग बाजार क्षेत्र में हो रहे चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार को मुख्य बाजार में कार्यदायी संस्था द्वारा हाईवे चौड़ीकरण के लिए निचली तरफ दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई की गई। यहां मशीनों से पांच मकान/दुकानों को हटाया गया। इस दौरान प्रभावितों, व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। कहा कि पूर्व में सर्वे के दौरान हाईवे चौड़ीकरण के लिए संस्था द्वारा चिन्हीकरण किया गया था, लेकिन आज कार्रवाई के दौरान चिन्हीकरण से अधिक मकानों व दुकानों को तोड़ा गया। पीड़ित व्यापारी मुकेश नौटियाल, आशीष नौटियाल, अनिल नौटियाल, केशव नौटियाल, नरेश नौटियाल, कांता नौटियाल, एसएन नौटियाल आदि का कहना था कि उनके 70 वर्ष पुराने मकानों को बगैर नोटिस दिए चौड़ीकरण के लिए तोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि पहले दिन से एनएच व कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से परियोजना में हाईवे चौड़ीकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। दूसरी तरफ अन्य कई व्यापारियों ने भी कार्यदायी संस्था की कार्यशैली पर रोष जताते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में खुलेआम नियमों को धता बताया जा रहा है। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक जीएल कोहली, एसडीएम बृजेश तिवारी, कोतवाल केएस बिष्ट समेत सहित अन्य लोग मौजूद थे।
- राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य नियमों के तहत हो रहा है। - राजीव शर्मा, एई , राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड लोनिवि
उपजिलाधिकारी बृजेश तिवारी ने बताया कि सभी प्रभावितों को छह माह से समय-समय पर सूचित किया जा रहा है। वहीं एनएच के अधिशासी अभियंता बलराम मिश्रा ने बताया कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों के तहत काम किया जा रहा है। साथ ही राजस्व विभाग के माध्यम से प्रभावितों को भारत सरकार द्वारा तय मानकों के तहत मुआवजा भी दिया जा रहा है।
ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग में बदरीनाथ हाईवे के चौड़ीकरण में नियमों के विरूद्घ मकान- फोटो : RUDRAPRYAG