भूरारानी और ओमैक्स कॉलोनी की गामा विला निवासी काशीपुर से लौटे चार लोगों की सोमवार रात कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने यहां दो कंटेनमेंट जोन बनाए हैं। नगर निगम की टीम ने कंटेनमेंट जोन के सभी मकानों को सैनिटाइज किया।
काशीपुर में एक विवाह समारोह से लौटे भूरारानी निवासी 37 वर्षीय युवक और 40 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। ओमैक्स की गामा विला निवासी काशीपुर से लौटे 59 वर्षीय व्यक्ति और 55 वर्षीय महिला की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
इसके साथ प्रशासन ने भूरारानी और गामा विला में कोरोना संक्रमितों के आवासों के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर 14 दिन के लिए कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। दोनों कॉलोनियों की गलियों में बेरिकेडिंग कर दी गई है।
नगर निगम के सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने टीम के साथ दोनों कंटेनमेंट जोन के मकानों को सैनिटाइज किया। सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि रुद्रपुर के भूरारानी और गामा विला-3 को कंटेनमेंट जोन घोषित कर गेट पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया है।