रुद्रपुर। भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान ने कहा कि सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन कराने के साथ उनका लाभ किसानों तक पहुंचाया जाएगा। किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने वाले पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
रविवार को एक होटल में पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष चौहान ने कहा कि वह किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और किसानों की समस्याओं से परिचित हैं। पार्टी हाइकमान ने जो दायित्व उन्हें सौंपा है उस पर वह खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। कहा कि मुख्यमंत्री ने गेहूं का समर्थन मूल्य 1860 रुपये बढ़ाकर 1925 रुपये प्रति क्विंटल करने निर्णय लिया है।
किसानों की सहूलियत के लिए गेहूं खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। मुख्यमंत्री ने किसानों को बिचौलियों से मुक्त करने के लिए उत्तराखंड कृषि उत्पाद अधिनियम को खत्म कर एग्रीकल्चर प्रोड्यूस एवं लाइव स्टॉक मार्केटिंग (एपीएलएम) कानून लागू करने का एतिहासिक फैसला किया है। इससे किसानों को अभूतपूर्व लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश में ओलावृष्टि, अत्यधिक बारिश से फसलों को हुए नुकसान का तहसील, बीमा कंपनी और कृषि विभाग की संयुक्त टीम आंकलन कर रही है।
कृषि यंत्रों की खरीद में 50 फीसदी की सब्सिडी दी जा रही है। मक्के की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों की फसलों के लिए पानी की समस्या न आए इसलिए नलकूप विभाग ट्यूबवेल लगा रहा है। किसानों की आय दोगुना करने को तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। हाट बाजारों में किसान अपने उत्पाद बेचने आते हैं।
रुद्रपुर सहित जिन अन्य जगहों पर हाट बाजार नहीं है, वहां हाट बाजार लगाने के लिए जिला पंचायत से बातचीत की जाएगी। उन्होंने दायित्व मिलने पर प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया। वहां उत्तरी मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, विकास शर्मा, राधेश शर्मा, धर्म सिंह कोली, मनीष शुक्ला, सुशील चौहान, रामअवतार कोली, बबलू सागर आदि मौजूद रहे।