गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर स्थित रामबाड़ा में मंदाकिनी नदी पर बैली ब्रिज बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित हो सकेगी। केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने प्रमुख सचिव लोनिवि से भेंट कर यात्राकाल में बेहतर यातायात और सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की।
विधायक ने बताया कि लोनिवि के प्रमुख सचिव से रामबाड़ा में बैली ब्रिज बनाने को लेकर चर्चा की गई है। कहा कि आपदा में रामबाड़ा पूरी तरह से तबाह हो गया था। आज भी मंदाकिनी नदी पर कामचलाऊ पुल के जरिए यात्रियों को धाम पहुंचाया जा रहा है। विधायक ने बताया कि उन्होंने केदारनाथ यात्रा को कुंभ की तर्ज पर संचालित करने की मांग की थी। उन्होंने केदारनाथ यात्रा तैयारियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जैसे तैयारियां होनी चाहिए थी, वह नहीं हो पाई है, जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। विधायक ने बताया कि डीजीपी से भी केदारनाथ यात्रा में पुलिस सिस्टम को दुरुस्त करने, पैदल यात्रा को सुरक्षित करने को लेकर चर्चा हुई है। संवाद