कोरोनाकाल में उपनल के जरिए स्वास्थ्य विभाग में तैनात 25 एएनएम ने वेतन भुगतान के साथ पुन: तैनाती की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में धरना दिया। कहा कि उन्होंने विषम परिस्थितियों में गांव से लेकर अस्पताल तक सेवाएं देती आ रही हैं, लेकिन अब सरकार द्वारा कंपनी के माध्यम से विभाग में नई भर्तियां कराई जा रही है, जो सही नहीं है।
सोमवार को जिला कार्यालय में धरना देते हुए उपनल के तहत कार्यरत एएनएम ने कहा कि कोरोनाकाल में इस वर्ष 28 अप्रैल व मई पहले सप्ताह में उन्हें तैनाती दी गई, लेकिन विभाग द्वारा कुछ को तो दो माह का वेतन दिया गया। लेकिन कई ऐसे हैं, जिन्हें तैनाती के बाद से वेतन नहीं मिल पाया है। आक्रोशित एएनएम का कहना है कि विभागीय अधिकारी अब कंपनी के जरिए होने वाली भर्तियों के लिए आवेदन की बात कह रहे हैं, अन्यथा सेवा समाप्त की जाएगी। धरना देने वालों में मीरा राणा, नीलम, ललिता, आशा, दिव्या, पुष्पा, सुगंधा, प्रेरणा, विनीता, सोनम, कांति, रेखा, विनीता नेगी, रेखा कांडपाल, दुर्गी, रंजना, दीक्षा, सोनिया आदि मौजूद थे।