हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत 127 तक पहुंचाया पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम पंचायत मयकोटी के निवर्तमान ग्राम प्रधान व प्रशासक अमित प्रदाली को गणतंत्र दिवस की परेड में अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता मिला है। उनके प्रयास से हर घर नल, हर घर जल योजना का काम पूरा हुआ और ग्रामीणों को पर्याप्त पानी मिला। अब केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने उन्हें गणतंत्र दिवस पर आमंत्रित किया है। उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
तल्लानागपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मयकोटी के निवर्तमान ग्राम प्रधान व प्रशासक अमित प्रदाली ने विकास कार्यों को बढ़ावा दिया है। क्षेत्र में पेयजल संकट से निजात पाने के लिए उन्होंने ग्राम पंचायत के मयकोटी, बमोली, बरसिल आदि गांवों को पर्याप्त जलापूर्ति के लिए जल जीवन मिशन से जोड़कर यहां के लिए योजना तैयारी की। इन गांवों के 127 परिवारों के घर जल जीवन मिशन के तहत पानी पहुंचाया गया। उनकी इस उपलब्धि के लिए जल शक्ति मंत्रालय केंद्र सरकार ने उन्हेंं 26 जनवरी को नई दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड में बतौर अतिथि आमंत्रित किया है। अमित प्रदाली ने कहा कि यह सम्मान समूची ग्राम पंचायत का है और सभी ग्राम पंचायतवासियों के सहयोग से यह संभव हो पाया है। गांवों की योजना की नियमित देखरेख के लिए सभी ग्रामीणों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इधर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अनीश पिल्लई ने बताया कि ग्राम पंचायत मयकोटी के प्रशासक को गणतंत्र दिवस पर आमंत्रित किया गया है। उनके प्रयास से सभी चिह्नित परिवारों को अब नियमित स्वच्छ जलापूर्ति हो रही है।