कोरोना संक्रमित राज्य आंदोलनकारी व उत्तराखंड क्रांतिदल के केंद्रीय उपाध्यक्ष अवतार सिंह राणा को गंभीर हालत में जौलीग्रांट अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
बीते 20 अप्रैल को कोरोना संक्रमित होने पर उन्हें उनके छोटे बेटे विमल सिंह व अन्य परिजनों द्वारा रुद्रप्रयाग स्थित शंकराचार्य माधवाश्रम अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसी दिन घर वापसी में विमल सिंह (36) की गांव में अचानक मौत हो गई। अस्पताल में रहते हुए राणा को इस बारे में जानकारी नहीं दी गई। दस दिन तक अस्पताल में रहने के बाद 29 अप्रैल को जब वे घर पहुंचे, तो उन्हें अपने पुत्र की मौत की सूचना मिली। इस दौरान उन्हें आघात लगा और उनकी तबियत बिगड़ गई। उन्हें सीएचसी अगस्त्यमुनि में भर्ती किया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर जौलीग्रांट अस्पताल में आईसीयू में भर्ती किया गया है।