थर्टी फर्स्ट और नववर्ष मनाने चोपता और चंद्रशिला ट्रेक तक गए पर्यटक तो लौट गए लेकिन वहां कई किलो प्लास्टिक कचरा छोड़ गए। वन विभाग और पीआरडी कार्मिकों ने सफाई अभियान चलाकर 52 किलो से अधिक प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया।
30 दिसंबर से ही पर्यटकों का चोपता पहुंचना शुरू हो गया था। दो दिनों में यहां करीब छह हजार पर्यटक पहुंचे थे। तीन से चार फीट बर्फ के बीच में यहां पर्यटक रुके और 31 दिसंबर और नए साल का जश्न मनाया। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के कार्मिकों ने चोपता से चंद्रशिला ट्रेक पर से कचरा एकत्रित कर बोरों में भरकर गोपेश्वर भेज दिया। प्रभागीय रेंजर ललित मोहन नेगी ने बताया कि पहले चरण की सफाई में 52 किलो कूड़ा-कचरा बुग्याल और ट्रेक क्षेत्र से एकत्रित किया गया है। दोबारा भी क्षेत्र की साफ-सफाई की जाएगी।