राजकीय महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में हुए छात्र संघ चुनावों में विजय जुलूस निकालते विजयी प्रत्या?
- फोटो : RUDRAPRYAG
स्व. गंगाधर मैठाणी राजकीय महाविद्यालय गुप्तकाशी में पहले छात्रसंघ चुनाव में आर्यन ग्रुप ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। जबकि सह सचिव पद पर आवाज ग्रुप ने कब्जा किया है। निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों ने बाजार में विजयी जुलूस निकाला।
सोमवार को सुबह आठ बजे से कॉलेज में पहले छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हुआ। इस दौरान सभी छात्र-छात्राओं में अपने मताधिकार को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिखा। कालेज में पंजीकृत 270 छात्र-छात्राओं में 183 ने मतदान किया। मतगणना के बाद प्राचार्य डा. पीएस जगवाण व चुनाव प्रभारी डा. योगिशा ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। कालेज में छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर आर्यन ग्रुप की अंजलि ने जीत दर्ज की। उन्होंने नीमा को सात मतों से पराजित किया। जबकि 6 मत अवैध रहे। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक सिंह विजयी ने संतोष कुमार को 18 मतों से हराया। दोनों प्रत्याशियों को क्रमश: 95 व 77 मत प्राप्त हुए। मतगणना के बाद महासचिव पद पर रक्षित भंडारी ने राखी को 13 मतों से हराया। दोनों को क्रमश: 89 व 76 मत प्राप्त हुए। सह सचिव पद पर आवाज ग्रुप के नीरज (85) निर्वाचित हुए। उन्होंने वंदना (73) को 12 मतों से हराया। जबकि कोषाध्यक्ष पद पर आर्यन ग्रुप की राखी ने दीक्षा को 10 मतों से पराजित किया। दोनों को क्रमश: 90 व 80 मत प्राप्त हुए। विवि प्रतिनिधि पद पर सौरभ प्रसाद निर्विरोध चुने गए। प्राचार्य पीएज जगवाण ने निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने बाजार में विजयी जुलूस निकाला।