रुद्रप्रयाग : पाली मल्ली तोक का मामला, घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिला शव
लोगों ने पिंजरा लगाने, गुलदार को आदमखोर घोषित करने और मृतक के परिजन को रोजगार देने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। ग्राम पंचायत जौंदला के पाली मल्ली तोक में बुधवार सुबह अपनी गोशाला जा रहे एक व्यक्ति को गुलदार उठाकर ले गया। शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर मिला। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत बनी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने, गुलदार को आदमखोर घोषित करने और मृतक के एक परिजन को रोजगार देने की मांग वन विभाग से की। वहीं वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्यूआरटी व आरआरटी टीमों का गठन किया गया है।
बुधवार सुबह करीब 5 बजे ग्राम पंचायत जौंदला के पाली मल्ली तोक निवासी मनवर सिंह घर के समीप ही गोशाला की ओर गए थे। जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उनकी खोज की। सुबह 7 बजे गोशाला से कुछ दूरी पर ग्रामीणों ने खून पड़ा देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद गोशाला से करीब 200 मीटर की दूरी पर मनवर सिंह का क्षत-विक्षत शव मिला। सूचना पर विधायक भरत सिंह चौधरी, पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख सुभाष नेगी व वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान अनिल नेगी व सामाजिक देंवेद्र चमोली ने बताया कि मनवर सिंह खेतों में हल चलाता था। वही घर का एकमात्र कमाऊ व्यक्ति था। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है और एक बेटा है जो देहरादून में पढ़ता है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को आदमखोर घोषित करने, गांव में पिंजरा लगाने व मृतक के एक परिजन को रोजगार देने की मांग की। वहीं डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि पीड़ित परिवार को तात्कालिक मुआवजा राशि के तहत 1 लाख 80 हजार का चेक प्रदान किया गया है। गांव में पिंजरा लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) व आरआरटी (रेपिड रिस्पांस टीम) गठित कर दी है। गुलदार के लार का सैंपल ले लिया गया है।