सिर पर चोट लगने से संचालक घायल, पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। तृतीय केदार तुंगनाथ मंदिर मार्ग पर एक यात्री और घोड़ा-खच्चर संचालक के बीच हुए मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में खच्चर संचालक के सिर पर चोट आई है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के यमुनानगर निवासी एक यात्री और घोड़ा-खच्चर संचालक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया जिसमें संचालक घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची ऊखीमठ पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले आई। कोतवाली प्रभारी मनोज नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई है जिसमें खच्चर संचालक को चोट आई है। मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।