अगस्त्यमुनि। नगर पंचायत क्षेत्र के बेडूबगड़ बस्ती के नीचे मंदाकिनी नदी से हो रहे कटाव रोकने के लिए विधायक शैलारानी रावत ने सुरक्षा के पुख्ते इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्हाेंने जन सुरक्षा को देखते हुए शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा।
शुक्रवार को एलएंडटी के वरिष्ठ प्रबंधक वीके शर्मा, एसडीएम सीएस चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक खत्री व सिंचाई विभाग के अवर अभियंता के साथ विधायक शैलारानी रावत ने बेडूबगड़ के नीचे मंदाकिनी नदी से हो रहे कटाव का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि एलएंडटी कंपनी द्वारा गंगानगर-हाट मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण करने से बेडूबगड़ की जनता को डर है कि नदी का प्रवाह कहीं बस्ती की ओर न हो जाए। जनता ने इस संबंध में उन्हें भी अवगत कराया, जिसके तहत निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया। स्थिति का जायजा लेने के बाद विधायक ने अधिकारियाें को शीघ्र बेडूबगड़ बस्ती के नीचे पक्की आरसीसी दीवार बनाने व एक टीम भेजकर स्थायी ट्रीटमेंट के लिए विशेष डिजाइन बनाने के निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि जन सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ नहीं किया जाएगा।