केदारनाथ। केदारनाथ पैदल मार्ग और धाम की व्यवस्थाओं से श्रद्धालु संतुष्ट हैं। आपदा के बाद धाम तक बेहतर पैदल मार्ग निर्माण से श्रद्धालु आश्चर्यचकित हैं।
एक सप्ताह से धाम में मौसम खराब था। दो दिन धाम में बारिश और बर्फबारी से ठंडक बढ़ गई है। हालांकि बृहस्पतिवार सुबह धाम में सूर्यदेव के दर्शन हुए। सिल्टर (आसाम) से आए एडवोकेट सत्यजीत डे ने बताया कि धाम में एक साल में सरकार ने अच्छी व्यवस्थाएं कर दी हैं। रामबाड़ा से ऊपर केदारनाथ तक काफी चौड़े सुगम रास्ते का निर्माण हो गया है। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि धाम में इस प्रकार की बेहतर व्यवस्थाएं मिलेंगी। अहमदाबाद के उदय सिंह और सीमा राजपूत ने बताया कि वह हेलीकाप्टर से बुधवार को धाम पहुंचे थे। मौसम खराब होने से उनको बुधवार रात रुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि मौसम खराबी से उन्हें धाम में बाबा की आरती देखने का मौका मिल गया। धाम में रहने और खाने की अच्छी व्यवस्थाएं हैं। फरीदाबाद के विजय बहादुर सिंह ने बताया कि वह पहली बार आए हैं। धाम में कड़ाके की ठंड हो रही है, लेकिन इससे कोई दिक्कत नहीं हुई। आपदा में सब कुछ तबाह होने के बाद यहां जिस तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं, वह संतोषजनक हैं।