अगस्त्यमुनि। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे बेसिक स्कूल गिंवाड़ी गांव के नए भवन का शुभांरभ हो गया है। भवन का लोकार्पण विधायक शैला रानी रावत ने रिबन काटकर कर किया।
ग्राम पंचायत परकंडी के गिंवाड़ी गांव में स्थित बेसिक स्कूल के भवन का पुनर्निर्माण प्रेमप्रकाश मंडल ट्रस्ट अमरापुर (जयपुर) ने किया है। वर्षों पुराने इस विद्यालय के भवन की स्थिति जीर्णशीर्ण हो गई थी। ट्रस्ट ने इसे तोड़कर नया भवन बनाया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में विधायक शैला रानी ने कहा कि स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य सामाजिक संगठनों ने आपदाग्रस्त केदारघाटी के पुनर्निर्माण में जो योगदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने विद्यालय की चाहरदीवारी निर्माण के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
ट्रस्ट के संरक्षक भगत प्रकाश महाराज ने ट्रस्ट के क्रियाक्रलापों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण में 12 लाख रुपये का व्यय हुआ है। कार्यक्रम का संचालन भीरी के पूर्व प्रधान रघुवीर नेगी ने किया। इस अवसर पर ऊखीमठ के ब्लाक प्रमुख संत लाल और खंड शिक्षा अधिकारी कलम सिंह राणा भी मौजूद थे।
मात्र ढाई माह में बना दिया भवन
अगस्त्यमुनि। प्राथमिक विद्यालय गिंवाड़ी का भवन ढाई माह में बनकर तैयार हुआ है। इतनी जल्दी भवन निर्माण कर ट्रस्ट ने सरकारी सिस्टम को आइना दिखाया है। जिले में कई ऐसे भवन हैं, जिनके निर्माण वर्षों से अटके हैं। स्थिति यह है कि सरकारी तंत्र ढाई माह में भवनों की नींव तक नहीं खोद पाता।