रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विजय कुमार ढौंडियाल ने कार्यभार गृहण करने के दूसरे दिन बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। उन्होंने सुखद यात्रा और जिले की बेहतरी के लिए यज्ञ किया और फिर तीर्थ पुरोहितों और व्यापारियों से मुलाकात की।
वार्ता के दौरान लोगोें ने प्रशासन द्वारा केदारनाथ धाम में चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान, केदारनाथ विशेष क्षेत्र प्राधिकरण, सफाई व्यवस्था और रास्तों की व्यवस्था पर चर्चा की। तीर्थ पुरोहितों और व्यापारियों ने बताया कि केदारपुरी में शौचालयों की स्थिति ठीक नहीं है। कुछ शौचालयों में पानी की व्यवस्था नहीं है। इस पर डीएम ने कहा कि धाम सहित पैदल मार्ग पर सफाई व्यवस्था चाक चौबंद रखना प्राथमिकता में है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बरिंदर जीत सिंह, केदारसभा अध्यक्ष महेश बगवाड़ी, केदारनाथ नगर पंचायत सलाहकार समिति के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास पोस्ती, व्यापार संघ अध्यक्ष विजय बगवाड़ी, विष्णुकांत शुक्ला, माधव कर्नाटकी, शेष नारायण शुक्ला आदि मौजूद थे।