रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के खाल्यूं गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए कोई योजना नहीं बनाई गई है, जिससे ग्रामीण पानी के लिए प्राकृतिक स्रोताें पर निर्भर हैं।
ग्रामीणाें का कहना है कि पेयजल आपूर्ति के लिए विभाग को कई बार प्रस्ताव दिए गए, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्राम पंचायत मालखी के खाल्यूं गांव को पेयजल आपूर्ति के लिए लगभग बीस वर्ष पूर्व कार्तिक स्वामी मणिगुह नाम से पेयजल योजना प्रस्तावित हुई थी, जिस पर कुछ दूरी तक पाइप भी बिछे। लेकिन 1992 में आए भूकंप में निर्माणाधीन पेयजल लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद विभाग ने इसकी न तो मरम्मत की और न ही इस पर आगे काम किया।
बुजुर्ग जीत सिंह नेगी, गोविंद सिंह रावत और सुशीला देवी का कहना है कि उनका जीवन पानी के लिए तरसते हुए कट चुका है, लेकिन आने वाली पीढ़ी के लिए पानी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पेयजल योजना का निर्माण होना जरूरी है। गांव का एक मात्र स्रोत भी सूखने की कगार पर है। क्षेत्र पंचायत सदस्य जीतपाल सिंह नेगी का कहना है कि कई बार विभाग को खाल्यूं गांव की समस्या से अवगत कराया जा चुका है और योजना निर्माण के प्रस्ताव भी दिए गए हैं, लेकिन विभाग द्वारा इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
खाल्यूं गांव में पेयजल योजना निर्माण के लिए प्रपोजल मिला है। योजना निर्माण के लिए सर्वे करवाकर स्टीमेट शासन को भेजा जाएगा।
-एसएन सिंह, सहायक अभियंता पेयजल निगम रुद्रप्रयाग।