संशोधित सूचनार्थ
जिले में 14 पुलिसकर्मी सहित 92 लोग कोरोना पॉजिटिव
पुलिस कार्यालय सील, एसएसपी और एएसपी कैंप कार्यालय से करेंगे काम
सितारगंज में बनी अस्थायी जेल के 32 कैदी भी निकले कोरोना संक्रमित
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के 92 नए मामले सामने आए हैं। इनमें पुलिस कार्यालय में तैनात चार दरोगा सहित 14 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। एसएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों की रैपिड एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। एसएसपी ने एहतियातन तीन दिन के लिए पुलिस कार्यालय को सील कर दिया है। इसके साथ ही एसएसपी, एसपी सिटी, एसपी क्राइम और अन्य अधिकारी अपने घरों से काम करेंगे। इसके अलावा सितारगंज में बनाई गई अस्थायी जेल में रखे गए कैदियों में से 32 कैदियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे पूर्व भी 14 कैदी और जेल के छह कर्मचारी कोरोना संक्रमित निकले थे।
दरअसल, शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में तैनात दो पुलिसकर्मियों का कोरोना टेस्ट किया गया था। शनिवार सुबह दोनों पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया था। आननफानन में स्वास्थ्य कर्मियों को पुलिस कार्यालय बुलाया गया और वहां तैनात सभी पुलिसकर्मियों का रैपिड एंटीजन किट से जांच की गई। टीम ने एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, एसपी सिटी देवेंद्र पींचा समेत 110 पुलिस कर्मियों का टेस्ट किया गया। इसमें चार दरोगा, दो महिला पुलिसकर्मी सहित 14 पुलिसकर्मी संक्रमित मिले।
इधर, देर शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में 92 लोग संक्रमित पाए गए। इनमें सितारगंज में 36 रुद्रपुर में 26, काशीपुर में 10, बाजपुर में छह, खटीमा में पांच और जसपुर में नौ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इधर, एसएसपी कुंवर ने बताया कि लगातार ड्यूटी करने के बाद सभी कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया। जांच के दौरान पुलिस कार्यालय में स्थित अलग-अलग विभागों के पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित निकले हैं। एहतियात के तौर पर शनिवार दोपहर बाद से ही पुलिस कार्यालय को सील कर दिया गया। अब पुलिस कार्यालय को सैनिटाइज किया जाएगा। मंगलवार को पुलिस कार्यालय पूर्व की भांति खुलेगा। उन्होंने बताया कि बहुत जरूरी काम होने पर लोग उनके नंबर पर कॉल कर सकते हैं। वह खुद कैंप कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
फोटो 22आरडीपी 13पी: रुद्रपुर के पुलिस कार्यालय में एसएसपी का सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी।