रुद्रप्रयाग। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम ने नगर पालिका व नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने निकाय प्रबंधकों को नगरीय क्षेत्रों व गांवों में लोगों से बातचीत के बाद ही जरूरत के अनुरूप निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए।
डीएम ने नगर पालिका/नगर पंचायत क्षेत्रों में ठेकेदारों की ओर से किए गए अधूरे विकास कार्यों पर रोष जताया और अधिकारियों को तत्काल कार्य पूरा कराने को कहा। डीएम ने कहा कि निर्धारित समय में जो ठेकेदार कार्य नहीं करता, उसे नोटिस जारी किया जाए। इसके बाद भी काम नहीं होता तो अन्य ठेकेदार से काम कराया जाए। उन्होंने पालिका व पंचायत क्षेत्रों में अभी तक हुए विकास कार्यों की फोटो उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कूड़ेदान लगाने, कूड़ेदानों की नियमित सफाई, नालियों की सफाई, गंदे पानी का उचित निस्तारण, नेट के माध्यम से रेट सत्यापित करने के बाद ही प्रकाश व्यवस्था सामग्री खरीद के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में पार्क और इंडोर खेल स्टेडियम के लिए भूमि तलाश और जीएमवीएन से जवाड़ी तक पाथ-वे बनाने के लिए सर्वे करने को कहा। बैठक में ईओ रविराज बंगार, ईओ धर्मानंद शर्मा, ईओ अनसूया बनोला आदि मौजूद थे।