रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ओरिंग में शनिवार को ताले लटके रहे। इस दौरान स्कूली बच्चों ने बरामदे में बैठकर स्वयं ही कुछ देर पढ़ाई की और फिर घर चले गए। इससे पूर्व बीते 27 व 28 मार्च को भी विद्यालय बंद रहा। मामले में डीएम ने डीइओ बेसिक से रिपोर्ट मांगी है।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय ओरिंग का संचालन बीते 11 मार्च से व्यवस्था के शिक्षक से चल रहा है, लेकिन ये शिक्षक भी 27 व 28 मार्च को स्कूल नहीं पहुंचे, जिस कारण यहां ताला लटका रहा। 29 व 30 मार्च को अवकाश के बाद शनिवार को स्कूल खुला। इस दौरान यहां पंजीकृत 6 बच्चे निर्धारित समय पर पहुंचे, लेकिन शिक्षक पूरे दिन नहीं आए। ऐसे में इन बच्चों ने स्वयं प्रार्थना की और बरामदे में बैठकर कुछ देर पढ़ाई के बाद घरों को लौट गए, जिसके बाद अभिभावकों ने शिक्षक के स्कूल नहीं आने की शिकायत की। इधर, सामाजिक कार्यकर्ता व किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य नरेंद्र सिंह कंडारी ने बताया कि ओरिंग में पढ़ रहे बच्चों का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। उन्होंने डीएम, सीईओ व डीईओ बेसिक से स्कूल में स्थायी शिक्षक की तैनाती की मांग की है। इधर, मामले को गंभीर मानते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने डीईओ बेसिक से स्पष्टीकरण मांगा है। बीते 10 मार्च को एसडीएम जखोली देवमूर्ति यादव ने भी विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। तब, यहां तैनात प्रधानाध्यापक अनुपस्थित पाए गए थे, जिस पर डीएम ने उन्हें निलंबित करने के आदेश दिए थे।
.............
राप्रावि ओरिंग के प्रधानाध्यापक के निलंबित होने के कारण वहां व्यवस्था पर एक शिक्षक भेजा गया था। अभिभावकों ने शिकायत की है, कि वे 27 मार्च से स्कूल नहीं आ रहे हैं। इस संबंध में उप शिक्षाधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
---- डा. विद्याशंकर चतुर्वेदी, डीईओ बेसिक रुद्रप्रयाग