रुद्रप्रयाग। वर्ष 2008 और 2014 में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों की जमानत राशि अब मिल जाएगी। जिलाधिकारी ने बीडीओ को जमानत राशि निर्गत करने के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य लौंगा देवी, विमला देवी, महावीर सिंह व सामाजिक कार्यकर्ता आरआर पंवार ने डीएम से भेंट कर उन्हें बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के उम्मीदवारों को अब तक जमानत राशि वापस नहीं मिल पाई है। जबकि तहसील दिवस व बीडीसी में इस मुद्दे पर अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ब्लाक स्तर पर बीडीओ व एडीओ पंचायत स्तर पर बरती जा रही लापरवाही से जमानत राशि नहीं लौटाई जा रही है। मामले में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने अगस्त्यमुनि, जखोली व ऊखीमठ ब्लाक के बीडीओ से जमानत राशि वापस नहीं लौटाने का कारण पूछा है। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के तहत जमानत राशि एक सप्ताह में वापस करने के निर्देश दिए हैं। इधर, जखोली के बीडीओ आरएस राणा ने बताया कि जमानत की धनराशि पंचस्थानी विभाग से वापस होनी थी। उन्हाेंने संबंधित जनप्रतिनिधियों से जमानत राशि वापस करने के बारे में पत्र देने का अनुरोध किया है, ताकि उसके आधार पर पंचस्थानी विभाग से धनराशि लेकर लौटाई जा सके।