रुद्रप्रयाग। वर्षभर रोजगार दिए जाने की मांग को लेकर पीआरडी जवानों का धरना प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। 11 अक्तूबर को पीआरडी जवान पुराने विकास भवन में धरना शुरू करेंगे।
प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के बैनर तले पीआरडी कार्यालय में धरना प्रदर्शन कर रहे पीआरडी जवान पांचवें दिन भी जारी रहा। संगठन के अध्यक्ष मोहन लाल भारती ने कहा कि पीआरडी जवानों को साल भर रोजगार दिए जाने की मांग को लेकर सभी जवान धरना प्रदर्शन कर रहे है। विभागीय अधिकारियों की ओर से पीआरडी जवानों को मामले का निराकरण करने के लिए आश्वासन दिया गया था, जिसे पूरा नहीं किया गया। कहा कि यात्रा सीजन समाप्त होने के बाद सभी जवान अपने घरों में बैठ जाते है, जिससे उनके सम्मुख बेरोजगारी का संकट गहराने लगता है। कहा कि 11 अक्तूबर से पीआरडी जवानों का धरना प्रदर्शन मुख्य बाजार स्थित पुराने विकास भवन में शुरू किया जाएगा। चेताया कि अगर पीआरडी जवानों की मांग पर कार्रवाही नहीं हुई तो आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर महेश चंद्र, राजेंद्र लाल, शांति लाल, जीतपाल सिंह, महावीर सिंह, दया लाल, प्रदीप कुमार, दिनेश सिंह समेत जिले के विभिन्न जिलों से आए पीआरडी जवान मौजूद थे। ब्यूरो