रुद्रप्रयाग। 29 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा में बाबा के भक्तों का बुरांश और माल्टा के जूस के साथ स्वागत किया जाएगा। यात्रा मार्ग के बाजारों और पड़ावों के होटलों व ढाबों में ट्रेटा पैकिंग में जूस उपलब्ध रहेगा।
बाबा केदार की यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं की शुरुआत से ही भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसे देखते हुए शासन-प्रशासन ने इन श्रद्धालुओं को बुरांश व माल्टा का जूस परोसकर आदर-सत्कार करने की योजना बनाई है। देश-विदेश से बाबा केदार के दर्शनों को आने वाले भक्तों के लिए रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, गौरीकुंड में कुछ खास दुकानों पर ही यह जूस उपलब्ध होगा। एक खास बात यह भी है कि विशेष ट्रेटा कागज से बने पैकेट में ही यह जूस मिलेगा। अधिकारियों के मुताबिक पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जूस की ट्रेटा पैकिंग की जा रही है।
जूस कंटेनर भी लगेंगे बाजारों में
रुद्रप्रयाग। यात्राकाल में बाजारों में जूस कंटेनर भी रखे जाएंगे, जिसमें संतरा, बुरांश, मौसमी आदि का जूस उपलब्ध होगा। कंटेनर में 5 से 10 रुपये का सिक्का डालने पर यात्री इस जूस का आनंद ले सकेगा।
इनका कहना है --
केदारनाथ यात्रा में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुरांश और माल्टा के जूस को होटल, ढाबा व कंटेनर में उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे स्थानीय लोगों की आर्थिकी भी मजबूत होगी।
-मंगेश घिल्डियाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग