रुद्रप्रयाग। हैदराबाद से आया 18 सदस्यीय ट्रैकिंग दल चार दिन तक केदारनाथ भ्रमण के बाद सोनप्रयाग से त्रियुगीनारायण के लिए रवाना हो गया है। निम के प्रभारी मनोज सेमवाल ने बताया कि अरविंद सेमवाल के नेतृत्व में 18 सदस्यीय दल ने केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। मध्य हिमालय क्षेत्र में विषम परिस्थितियों में कैसे कार्य किए जाते हैं, इस बारे में कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों से जानकारी जुटाई। इसके अलावा यह दल चोराबाड़ी ताल भी गया। वहां के हालातों का जायजा लेने के बाद दल ने भैरवनाथ मंदिर व वासुकीताल क्षेत्र का भ्रमण भी किया। बता दें यह दल वर्ष 2015 के बाद से हर वर्ष केदारनाथ भ्रमण पर पहुंच रहा है। ब्यूरो