रुद्रप्रयाग। ऑलवेदर परियोजना से प्रभावित होने वाले व्यापारियों के लिए नवनिर्मित पार्किंग में कांपलेक्स का निर्माण कर पुनर्वास किया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रभावितों की हर प्रकार से मदद की जाएगी।
विधायक भरत सिंह चौधरी ने बताया कि ऑलवेदर रोड निर्माण से नगर क्षेत्र के 315 व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। इन व्यापारियों का रोजगार प्रभावित न हो, इसके लिए वृहद कार्ययोजना तैयार की जा रही है। नया बस अड्डा परिसर में पुनाड़ गदेरे पर नव निर्मित पार्किंग के ऊपर दो मंजिला कांपलेक्स का निर्माण किया जाएगा, जिसमें कम से कम 80 दुकानें बनाई जाएंगी। साथ ही अन्य स्थानों पर भी दुकानों का निर्माण कर प्रभावित व्यापारियों का पुनर्वास किया जाएगा। कहा कि इस कार्ययोजना का निकाय चुनाव से किसी प्रकार का कोई लेनादेना नहीं है। पूर्व में भी जिन 12 व्यापारियों को मुख्य बाजार से हटाया गया था, उन्हें नया बस अड्डा क्षेत्र में दुकानें आवंटित कर दी गई हैं। बताया कि भारत सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं से आमजन को लाभान्वित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।