रुद्रप्रयाग। एनडीए की तैयारी के इच्छुक युवाओं को विधायक निधि से मदद मिलेगी। इसके लिए इच्छुक छात्रों को 30 सितंबर को मुख्यालय पर आयोजित होने वाली परीक्षा को पास करना होगा। चयनित 20 छात्रों को विधायक की ओर से एनडीए पाठ्यक्रम युक्त टेबलेट व अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
मंगलवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों का सेना से पुराना रिश्ता है। वह चाहते है कि जिले हर साल बच्चे एनडीए में निकले। हमारे क्षेत्र से अधिक से अधिक बच्चे देश की सेवा करें। इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने छात्रों की एनडीए की तैयारी पर विशेष जोर देने का प्रयास किया है। बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज बेलणी में आगामी 30 सितंबर को परीक्षा आयोजित करवाई जा रही है। परीक्षा में जवाहर नवोदय, राजीव गांधी नवोदय समेत अन्य विद्यालयों के अर्ह छात्र ही प्रतिभाग करेंगे। मेरिट के आधार पर टॉप 20 बच्चों का चयन किया जाएगा, जिन्हें एनडीए पाठ्यक्रम युक्त टेबलेट दिए जाएंगे। इसमें वर्ष 2019 की संघ लोक सेवा आयोग के आधार पर आयोजित परीक्षा का पैटर्न दिया जाएगा। इसके आधार पर ही एनडीए की लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले युवाओं को मदद मिल सकेगी। यह सभी व्यवस्थाएं विधायक निधि के जरिए की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन इंटर कालेज व हाईस्कूलों में ई लर्निंग सेटअप लगाए गए है उन विद्यालयों में इन्वर्टर दिए जाएंगे। साथ ही जवाहर नवोदय व राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में ई-लर्निंग सेटअप लगाए जाएंगे। इस मौके पर सुरेंद्र बिष्ट, सुनील नौटियाल, अरुण कप्रवाण, सुरेंद्र जोशी, सुरेंद्र रावत समेत अन्य लोग मौजूद थे।