रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लाक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय जैली में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में जर्जर स्कूल भवन के पुनर्निर्माण पर चर्चा की गई। इस मौके पर अभिभावकों ने छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय परिसर के चारों ओर साफ-सफाई भी की।
एसएमसी अध्यक्ष निर्मला रतूड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानाध्यापक माधव सिंह नेगी ने अभिभावकों से छात्र-छात्राओं को नियमित स्कूल भेजने की अपील की। कहा कि स्कूल से मिलने वाले गृह कार्य में माता-पिता बच्चों का सहयोग करें और उनके पठन-पाठन व लेखन सामग्री के बारे में भी जानकारी रखें, जिससे विद्यालय में बेहतर शैक्षिक माहौल बनाने में मदद मिल सके। बैठक में सर्वसम्मति से जर्जर विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस मौके पर सहायक शिक्षक केपी भट्ट, बीरबल सिंह, लक्ष्मी चमोली आदि मौजूद थे।