रुद्रप्रयाग। डीएम मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में हुए जनता दरबार में 48 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें 27 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जनता दरबार में नगर व गांवों में शौचालय निर्माण को लेकर सबसे अधिक शिकायतें रहीं। डीएम ने अधिकारियों को एक सप्ताह में दर्ज शिकायतों को निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में नागजगई निवासी विमलचंद्र शुक्ला ने सरकारी राशन विक्रेताओं को गोदाम से बिना तोले राशन वितरित खिए जाने की शिकायत की । इस पर, डीएम ने तीनों एसडीएम को गोदामों की जांच के निर्देश दिए। डीएम ने नगर पालिका को कोटेश्वर में अलकनंदा नदी किनारे रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। दौलाबैंड-कंडार में नियमित बस सुविधा न होने से स्कूली बच्चों को हो रही शिकायत पर डीएम ने एआरटीओ को टैक्सी यूनियन के साथ बैठक कर समस्या निस्तारण को कहा। वहीं लक्ष्मी देवी ने खांकरा-खेड़ाखाल मोटरमार्ग के निर्माण में नष्ट हुई भूमि का मुआवजा दिए जाने की मांग की। डीएम ने मामले में तहसीलदार को उचित कार्रवाई करने को कहा। फरियादी बीना देवी ने पति की मौत के सात वर्ष बाद भी मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनने से विधवा पेंशन नहीं मिलने की बात कही। मौके पर डीएम ने अवैध शराब की बिक्री को रोकने के लिए आबकारी अधिकारी, राजस्व व रेगुलर पुलिस को संयुक्त रूप से चेकिंग करने को कहा। इस मौके पर सीडीओ डीआर जोशी, सीएओ आपीएस रावत, बीएस रावत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।