रुद्रप्रयाग। नगरवासियों को सुलभ यातायात की सुविधा दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका की ओर से खरीदी गई सीटी बस, सात माह से कोटेश्वर में खड़ी जर्जर हो रही है। प्रशासन के निर्देश के बावजूद पालिका की ओर से बस संचालन नहीं किया जा रहा है।
जनवरी माह से सिटी बस कोटेश्वर स्थित पालिका की आवासीय कालोनी परिसर में देखरेख के अभाव में धूल फांक रही है। जबकि नगरवासी व कलेक्ट्रेट, तहसील व सीडीओ ऑफिस जाने वाले लोग मीलों पैदल नापने को मजबूर हैं। प्रशासन के पालिका को नोटिस जारी करने के बाद भी पालिका ने बस संचालन शुरू नहीं किया। सामाजिक कार्यकर्ता एसएन सेमवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष रेखा सेमवाल, देवेंद्र सिंह झिक्वांण आदि का कहना है कि जिन उद्देश्यों को लेकर बस खरीदी गई थी, वह पालिका द्वारा पूरे नहीं किए जा रहे हैं। उधर, पालिका प्रतिमाह 18 से 20 हजार घाटे का रोना रो रही है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष राकेश नौटियाल का कहना है कि कम आय और अधिक घाटे के कारण सिटी बस को बंद करना पड़ा है। इस संबंध में प्रशासन की ओर से भी जानकारी मांगी गई थी, उन्हें स्थिति से अवगत कराया जा चुका है। वित्तीय स्थिति ठीक होने पर प्राथमिकता से बस का संचालन पुन: शुरू किया जाएगा।