रुद्रप्रयाग। बसुकेदार तहसील के राजकीय इंटर कालेज तिमली बड़मा में आयोजित तहसील दिवस/बहुद्देशीय व विधिक साक्षरता शिविर में सड़क विद्युत, पेयजल व स्वास्थ्य संबंधी 123 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें 79 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर पंचायत राज अधिकारी के शिविर में अनुपस्थित रहने पर डीएम ने स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम ने अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण करने को कहा। उन्होंने डीईओ बेसिक को मानसून सीजन अवधि में वर्षा, भूस्खलन आदि से प्रभावित प्राथमिक विद्यालय भवनों का स्टीमेट तैयार कर रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को गांव में बेहतर सिंचाई नहरें बनाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास के लिए पात्र परिवारों की सूची सत्यापित करने और शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के निर्देश दिए। प्रावि क्यार्क-बरसूड़ी एसएमसी ने जर्जर भवन के पुनर्निर्माण, ग्राम प्रधान किरोड़ा ने प्रावि मल्ला के भवन की मरम्मत सहित मुसाढुंग के ग्रामीणों ने चायवाड़ा तोक में चाकागाड़ गदेरे पर पुल लगाने की गुहार लगाई। शिविर में 5 परिवारों को उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस व चूल्हा कनेक्शन वितरित किया गया। इस अवसर पर अधिवक्ता अरुण प्रकाश वाजपेयी , उप वन संरक्षक मयंक शेखर झा, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी एन.एस. रावत, उपजिलाधिकारी देवमूर्ति यादव, तहसीलदार शालिनी मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।