रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के बच्छणस्यूं के दानकोट गांव में आराध्य हरियाली देवी के नौ दिवसीय श्रीमद्देवीभागवत पुराण कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल होने के लिए ध्याणियां भी पहुंच रही हैं। प्रवासी ग्रामीणों के आने से गांव में रौनक बनी हुई है।
26 वर्ष के बाद आयोजित मां हरियाली देवी पूजन के पांचवें दिन गांव की ध्याणियों ने आराध्य की पूजा की। वर्षों बाद मायके के लोगों से मिलने पर कई महिलाएं भावुक हो गईं। इसके बाद कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान व्यास आचार्य गिरीश चंद्र शैली ने श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुनाई। उन्होंने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि प्रभु भक्ति मोक्ष का मुख्य मार्ग है। इधर, केदारघाटी के गांव फहली में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। दूसरी तरफ दुर्गा मंदिर फेगू गांव में 18 दिवसीय अनुष्ठान के पांचवें दिन मां भगवती के स्कंदमाता स्वरूप की पूजा की गई। इस मौके पर क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए यज्ञ-हवन का आयोजन भी किया गया। उधर, पांचाली पांडव मंदिर और श्री कार्तिक स्वामी मंदिर बाड़ब में भव्य जलकलश यात्रा के साथ शिव महापुराण शुरू हो गया है। वहीं, जखोली ब्लाक के कोठियाड़ा में देवी अनुष्ठान में ध्याणियां और प्रवासी ग्रामीण भी शामिल हो रहे हैं।