रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (यूबीएसई) की इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा शुरू हो गई हैं। पहले दिन इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जनपद में 70 परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 4763 परीक्षार्थियों में 4706 ने परीक्षा दी, जबकि 57 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं ने प्रश्नपत्र को पूरी तरह से पाठ्यक्रम से बताया। अधिकांश परीक्षार्थियों का कहना था कि प्रश्न ठीक थे और उन्होंने सभी प्रश्न हल किए। राजकीय बालिका इंटर कालेज रुद्रप्रयाग की छात्राओं का कहना था कि उनका पहला प्रश्नपत्र उम्मीदों के अनुसार ठीक हुआ है। सभी ने 70 से 85 तक अंक प्राप्त करने की उम्मीद जताई है। जीआईसी सहित अन्य स्कूलों में भी परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को सरल बताया। शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए प्रशासन व पुलिस द्वारा सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता के इंतजाम किए गए हैं। सीईओ चित्रानंद काला ने बताया कि जनपद में पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है। मंगलवार को हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा होगी।