रुद्रप्रयाग। अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद के 53 गांवों में औद्यानिकी व कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ढाई हजार महिला काश्तकारों द्वारा प्रतीकात्मक रूप में बीज बुवाई की जाएगी। इसके लिए गांवों के खेत सुधार कर तैयार कर दिए गए हैं।
कलेक्ट्रेट में विश्व महिला दिवस को लेकर आयोजित बैठक में डीएम बीज बुवाई कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि महिलाओं की आजीविका में सुधार के लिए गांवों में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए। सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में जिले केा आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम के तहत प्रथम चरण में चयनित 53 गाव में महिला काश्तकारों के साथ बीज बुवाई की जाएगी। डीएम ने अधिकारियों को गांव आवंटित करते हुए कहा कि इस पूरे माह अधिक से अधिक कृषकों को सब्जी उत्पादन से जोडा जाएगा। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी जीएल मखनवाल ने बताया कि 5 हजार बीज किट तैयार किए गए हैं। साथ ही 150 पॉलीहाउस वितरित किए जाएंगे। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश सिंह नितवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।