ऊखीमठ। ओंकारेश्वर मंदिर में 20 वर्ष के उपरांत हो रहे पांडव नृत्य को देखने के लिए पंचगाई के ग्रामीणों के साथ केदारघाटी के दूरस्थ गांवों के लोग पहुंच रहे हैं। धार्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में इन दिनों रौनक बनी हुई है। 18 दिसंबर को आयोजन के तहत चक्रव्यूह का मंचन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर की जा रही है।
पंचकेदार भगवान की गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में डंगवाड़ी, ब्राहमणखोली, प्रेमनगर, उदयपुर एवं गांधीनगर के ग्रामीणों के सहयोग से एक माह तक चलने वाले पांडव नृत्य में पांच पांडवों सहित 16 पश्वा ढोल-दमाऊं की थाप और पंडवानी गायन में नृत्य कर रहे हैं। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सचिव अर्जुन सिंह, कुंवर सिंह बर्त्वाल, गजपाल सिंह बर्त्वाल आदि ने बताया कि 20 को गैंडा कौथिग होगा। जबकि 21 को त्रिवेणी संगम पर पांडवों द्वारा गंगा स्नान किया जाएगा। इस दौरान पांडव अपने पितृों को तर्पण भी देंगे। बताया कि 25 को हाथी कौथिग मंचन के साथ पांडव नृत्य का समापन होगा। इस दौरान ध्याणियों व भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।